
चाईबासा : पक्षिम सिंहभूम जिले के मझगांव थाना के नवनियुक्त थाना प्रभारी परमेश्वर उरांव का आदिवासी हो समाज युवा महासभा और मानकी-मुंडा संघ द्वारा पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। यह अभिनंदन समारोह पांडुकी गांव में स्थित हो समाज के पवित्र देशाउली परिसर के पास आयोजित की गई, जहां पदाधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने नए थाना प्रभारी को गुलदस्ता सौंपकर बधाई दी। इस दौरान क्षेत्र में एक पारदर्शी, संवेदनशील और मुस्तैद पुलिस प्रशासन की उम्मीद जताई गई।
पांडुकी घटना के दोषियों पर त्वरित कार्रवाई की मांग
समारोह को संबोधित करते हुए मानकी-मुंडा संघ के केंद्रीय अध्यक्ष गणेश पाट पिंगुवा ने हाल ही में पांडुकी गांव में घटी एक घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर स्थानीय समाज में काफी नाराजगी और चिंता है। उन्होंने नए थाना प्रभारी से अपील की कि मामले की पूरी निष्पक्षता से जांच की जाए और फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाई जाए, जिससे जनता का कानून पर भरोसा बनी रहे।
पूर्व के अनुभवों को लेकर जताई चिंता
वहीं, आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय महासचिव गब्बर सिंह हेम्ब्रम ने पूर्व के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले के कई थाना प्रभारियों ने आदिवासी समाज की समस्याओं और उनकी भावनाओं को गंभीरता से नहीं लिया। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि परमेश्वर उरांव कानून के दायरे में रहकर निष्पक्ष काम करेंगे और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर समाज की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।
प्रशासन को सहयोग का भरोसा
दोनों ही संगठनों के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि वे क्षेत्र में शांति, आपसी सौहार्द और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस से बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया।
समारोह में ये रहे उपस्थित
इस मौके पर आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इपिल सामड, पूर्व अध्यक्ष भूषण पाट पिंगुवा, प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द बिरुवा, जिला अध्यक्ष शेरसिंह बिरुवा, सचिव ओयबन हेम्ब्रम, कमलेश बिरुवा, मनीष बिरुवा, नंदलाल पिंगुवा समेत मानकी-मुंडा संघ के कई पदाधिकारी और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

