RANCHI: रांची में रंगदारी मांगने का एक मामला सामने आया है। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के एक व्यवसायी ने कुख्यात अपराधी प्रिंस खान पर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं थाने में शिकायत दर्ज कराई है। राजकुमार गोप के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब वह टिटोस रेस्टोरेंट में मौजूद थे। उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से लगातार कॉल आया। कॉल रिसीव नहीं करने पर व्हाट्सऐप मैसेज भेजा गया, जिसमें भेजने वाले ने खुद को प्रिंस खान, दुबई बताया और एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की। संदेश में यह भी कहा गया कि यदि रकम नहीं दी गई तो राजकुमार गोप, उनके गांव के पुष्कर महतो और पिंटू की हत्या कर दी जाएगी। साथ ही उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई।
इसके बाद व्यवसायी ने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी और मामला दर्ज कराया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि अपनी निजी जांच के दौरान उन्हें संदेह हुआ कि लोधमा गांव के कुछ स्थानीय लोग, जिनमें पिंटू और देवराज साहू शामिल हैं उनकी गतिविधियों की जानकारी किसी तीसरे व्यक्ति तक पहुंचा रहे हैं।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। जिस नंबर से रंगदारी की मांग की गई है, उसकी तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार इसी नंबर से पहले पलामू के एक कारोबारी से भी रंगदारी मांगी जा चुकी है। उस मामले में प्रिंस खान गिरोह के कई सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

