Home » Ranchi Dowry Case : दहेज के लिए नवविवाहिता को घर से निकाला, केस दर्ज

Ranchi Dowry Case : दहेज के लिए नवविवाहिता को घर से निकाला, केस दर्ज

Ranchi Dowry Case : पीड़िता दिव्या कुमारी ने ससुराल पक्ष पर मारपीट के लगाए गंभीर आरोप

by Suhaib
Chakulia Ganja Smuggling Case
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़िता दिव्या कुमारी ने सुखदेवनगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। भारतीय न्याय संहिता की धारा 85/3(5) बीएनएस तथा 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

रांची के हरमू की रहने वाली दिव्या कुमारी ने बताया है कि उसकी शादी सूरज साव के साथ 20 अप्रैल 2025 को हुई थी। दिव्या ने बताया कि वह अपने घर की इकलौती बेटी है और मिडिल क्लास फैमिली से बिलॉन्ग करती है। इसके बावजूद, उसके पिता ने शादी के दौरान ससुराल पक्ष की हर मांग पूरी की। तिलक के अवसर पर दहेज के रूप में वाशिंग मशीन, फ्रिज, सोफा, कुर्सियां, टेबल, अलमारी, बर्तन, आयरन, एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये नकद दिए गए थे। इसके अलावा शादी से पहले भी उसके पिता ने ससुराल वालों के खाते में 1,25,000 रुपये भेजे थे।

एफआईआर में बताया गया है कि शादी वाले दिन देर रात 12 बजे बारात पहुंची। बारात में सभी लोग नशे की हालत में थे। दूल्हे की मां ने अतिरिक्त 20 हजार रुपये की मांग करते हुए कहा कि जब तक यह राशि नहीं दी जाएगी, शादी की रस्में आगे नहीं बढ़ेंगी। मजबूरन दिव्या के भाई ने मौके पर 20 हजार रुपये नकद दिए, तब जाकर शादी संपन्न हो सकी। इस दौरान बारात में झगड़ा हुआ और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को बुलाना पड़ा। बाद में दूल्हा सूरज साव ने माफी मांगी और किसी तरह विवाह की रस्में पूरी की गईं।

मानसिक और शारीरिक रूप से किया जाने लगा प्रताड़ित

दिव्या के अनुसार, शादी के बाद जब वह ससुराल पहुंची तो उसे एक छोटे कमरे में बंद कर दिया गया। उसी रात उसका पति और ससुर शराब के नशे में घर लौटे और उससे बदसलूकी की। इसके बाद लगातार उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। पति सूरज साव, ससुर उमेश साव, सास प्रतिमा देवी, एक ननद पिंकी, दूसरी ननद नंदिनी और परिवार के अन्य सदस्यों ने बार-बार मायके से पैसे की मांग की। दिव्या ने बताया कि 13 मई 2025 को उसका पति शराब के नशे में घर आया और उसे बुरी तरह पीटकर घर से निकाल दिया। इस दौरान उसके गहने और पैसे भी जब्त कर लिए गए। तब से वह अपने मायके में रह रही है।

पीड़िता ने यह भी बताया कि तीन अक्टूबर 2025 को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे फोन कर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। दिव्या ने पुलिस से सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति सूरज साव, ससुर उमेश साव, सास प्रतिमा देवी, ननद पिंकी और नंदिनी सहित अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

Read Also: Ranchi Crime News : रांची में महिला के ब्लैंक चेक से निकाल लिए गए 1.90 लाख रुपये, महिला शिकायत करने गई तो बैंक वालों ने डांट कर भगाया

Related Articles