RANCHI: रांची के मोहराबादी मैदान में मकर संक्रांति के अवसर पर श्री कृष्ण जन्माष्टमी समिति की ओर से नमो पतंग महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन रक्षा राज्यमंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ ने किया। महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में बच्चों के बीच पतंग का वितरण किया गया। वहीं जरूरतमंद और गरीब वर्ग के लोगों को कंबल व खिचड़ी बांटे गए। मकर संक्रांति पर यह आयोजन लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना। बच्चों में पतंग उड़ाने का उत्साह देखते ही बन रहा था, जबकि जरूरतमंद परिवारों ने सेवा कार्यों के लिए आयोजकों का आभार जताया।
सैनिकों की बदौलत देश सुरक्षित
मौके पर संजय सेठ ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मकर संक्रांति का यह पर्व आपसी भाईचारे, सेवा और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आज आर्मी डे भी है और 140 करोड़ भारतीयों को अपनी सेना की वीरता, शौर्य और बलिदान पर गर्व है। उन्होंने भारतीय सेना के योगदान को याद करते हुए कहा कि सैनिकों की बदौलत देश सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि नमो पतंग महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर वोमिका सिंह की तस्वीरों वाली पतंगें देश के नेतृत्व के साथ वीर सैनिकों के प्रति सम्मान का प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि इन जांबाज अधिकारियों ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत की ताकत और साहस को दुनिया के सामने रखा है।
2006 में हुई थी शुरुआत
उन्होंने यह भी बताया कि नमो पतंग महोत्सव की शुरुआत वर्ष 2006 में योग गुरु बाबा रामदेव द्वारा की गई थी, जो आज देशभक्ति और सामाजिक समरसता का प्रतीक बन चुका है। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों की अहम भूमिका रही। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, महिलाएं और बच्चे इस आयोजन में शामिल हुए।

