रांची : झारखंड में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और लोगों को गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। बुधवार को राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि पलामू, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जैसे जिलों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
बंगाल की खाड़ी में मौसमी गतिविधियों की कमी, उमस और गर्म हवा से बढ़ी हीटवेव की संभावना
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने जानकारी दी कि वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में किसी प्रकार की सिनॉप्टिक गतिविधि नहीं देखी जा रही है, जिससे बारिश की कोई संभावना नहीं बन रही है। इसके विपरीत, पश्चिमी दिशा से आने वाली हवाएं अत्यधिक उमस लेकर आ रही हैं, जिससे झारखंड में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
इन चार जिलों में येलो अलर्ट: हीटवेव से सतर्क रहने की चेतावनी
झारखंड में लू की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने चार जिलों – पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा – में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में दोपहर के समय लू चलने की प्रबल संभावना है। स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से परहेज करने की चेतावनी दी है।
झारखंड के प्रमुख जिलों का संभावित तापमान
राज्य के अलग-अलग जिलों में तापमान का स्तर इस प्रकार रह सकता है…
देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज :
अधिकतम 41°C | न्यूनतम 25°C
कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू :
अधिकतम 41°C | न्यूनतम 23°C
बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला :
अधिकतम 42°C | न्यूनतम 23°C
पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा :
अधिकतम 44°C | न्यूनतम 24°C
Read Also-Jharkhand Weather: अगले 72 घंटे झारखंड में गर्मी मचाएगी हाहाकार, येलो अलर्ट जारी

