
साहिबगंज : झारखंड के साहिबगंज जिला अंतर्गत रांगा थाना क्षेत्र के बिशनपुर में रविवार की रात मुजाहिरूल हक नामक अधेड़ ने अपने इकलौते पुत्र सफीकुल (22) की कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दी। पिता-पुत्र में रविवार की शाम विवाद हुआ था। इसके बाद मुजाहिरूल घर से चला गया। रात में वह दारू पीकर आया और कुल्हाड़ी से सोए हुए बेटे के सिर पर वार कर दिया।

मुजाहिरूल को लगा कि बेटे की मौत हो गई है। इसके बाद वह कुल्हाड़ी लेकर सो रही पत्नी को मारने जा रहा था। बेटी ने यह देख लिया और शोर मचाया। इसके बाद वह भाग गया। घर में मौजूद अन्य लोग आसपास के लोगों की मदद से सफीकुल को इलाज के लिए कल्याण अस्पताल केंदुआ ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन उसे लेकर बरहड़वा सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सक ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल बाहर ले जाने को कहा। इसके बाद परिजन उसे लेकर बीडीएच फरक्का ले गए। वहां से भी डाक्टरों ने रेफर कर दिया। जंगीपुर ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर घर आ गए। सूचना मिलने पर सोमवार की सुबह पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी।
बताया जा रहा है कि सफीकुल दो भाई था। बड़े भाई की करीब आठ साल पूर्व महाराजपुर में ट्रेन से कटने से मौत हो गई थी। उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। उसकी चार बहनें हैं, जिनमें तीन की शादी हो चुकी है। सफीकुल की अब तक शादी नहीं हुई थी। गांव वालों की मानें तो मुजाहिरूल अक्सर दारू पीकर घर में झगड़ा करता था। बेटा व पत्नी दारू पीने का विरोध करते थे। इसी वजह से उसने इस घटना को अंजाम दिया।
Read Also- Palamu Crime News : सिक्योरिटी गार्ड की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस


