
Chaibasa : झारखंड के खेल प्रेमियों के लिए एक और गौरवशाली खबर है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के पांच प्रतिभावान युवा फुटबॉलर सोमवार को चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन से नागपुर के लिए रवाना हो गए। ये खिलाड़ी 15 से 17 जुलाई तक नागपुर में आयोजित होने वाले “इंडिया कैंप कम ट्रायल सेशन” में अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाएंगे। नागपुर के लिए कूच करने वाले इन खिलाड़ियों में सूरज बिरुली, ललित बैंकुरा, सचिन रमेश करवा, बनफूल तुबिड और मोनिका पुरती शामिल हैं। रवानगी के दौरान चक्रधरपुर स्टेशन पर पूर्व फुटबॉलर व समाजसेवी विजय सिंह मेलगंडी, अधिवक्ता बिर सिंह बिरुली और युवा समाजसेवी मदन बोदरा ने खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मैक्सिको का टिकट पाने का सुनहरा मौका
आयोजन समिति से मिली जानकारी के मुताबिक इस राष्ट्रीय ट्रायल कैंप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन भारतीय टीम के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को नवंबर 2026 में मैक्सिको के प्रसिद्ध जोकालो स्क्वायर में होने वाले
“होमलेस वर्ल्ड कप 2026में देश का प्रतिनिधित्व करने का ऐतिहासिक अवसर मिलेगा। इस वैश्विक महाकुंभ के लिए ‘स्लम सॉकर’ द्वारा राष्ट्रीय टीम की तैयारियां और चयन किया जा रहा है, जबकि इन खिलाड़ियों को जमीनी स्तर पर हर मुमकिन मदद ‘एकता संस्था’ द्वारा दी जा रही है।
इंक्लूजन कप के शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
गौरतलब है कि हाल ही में गोवा में संपन्न हुए “इंक्लूजन कप 2026” में झारखंड की पुरुष और महिला टीमों ने शानदार खेल दिखाते हुए उपविजेता का खिताब अपने नाम किया था। गोवा में दिखाए इसी दमदार प्रदर्शन की बदौलत इन पांचों खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित ट्रायल कैंप के लिए बुलावा आया है।
टीम के कोच और खेल विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी सिंहभूम के इन युवाओं में गजब की प्रतिभा है। यदि इन्हें सही कोचिंग और सही मंच मिलता रहे, तो ये न सिर्फ जिले बल्कि अंतरराष्ट्रीय पटल पर देश का नाम भी ऊंचा कर सकते हैं। वहीं नागपुर रवाना होने से पहले खिलाड़ियों ने भी जोश भरते हुए कहा कि वे इस ट्रायल में अपना सौ प्रतिशत देंगे और भारतीय जर्सी पहनकर देश के लिए खेलने का सपना पूरा करेंगे। टीम की इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन और स्थानीय खेल प्रेमियों ने भी अपनी शुभकामनाएं भेजी हैं।

