नई दिल्ली :Hinduja Family: ब्रिटेन के सबसे रईस हिंदुजा फैमिली के खिलाफ स्विस कोर्ट का बड़ा फैसला आया है। घर के नौकरों से बुरा बर्ताव करने पर अदालत ने भारतीय मूल के व्यवसायी प्रकाश हिंदुजा और उनके परिवार के तीन अन्य सदस्यों को साढ़े चार साल की जेल की सजा सुनाई है। कोर्ट ने आरोपों को बेहद गंभीर माना है। हालांकि, कोर्ट ने मानव तस्करी के आरोपों को खारिज कर दिया।
वहीं, प्रकाश हिंदुजा के अलावा उनकी पत्नी कमल, बेटे अजय और बहू नम्रता पर अपने नौकरों की तस्करी का आरोप लगाया गया था, जिनमें से ज़्यादातर अनपढ़ भारतीय थे और जो स्विस शहर जिनेवा में उनके झील किनारे स्थित विला में काम कर रहे थे। वहीं, पांचवें आरोपी और हिंदुजा परिवार के मैनेजर को 18 महीने की सजा सुनाई गई है।
यहां आपको बता दें कि हिंदुजा परिवार पर आरोप लगाया गया था कि वे अपने नौकरों से ज्यादा खर्च कुत्ते पर करते हैं। इसके साथ ही आरोप है कि उन्होंने लेक जेनेवा स्थित अपने विला में एक भारतीय महिला को काम पर रखा और बेहद कम सैलरी दी। इतना ही नहीं बल्कि उसका पासपोर्ट भी जब्त कर लिया गया था और उससे रोज 18 घंटे काम कराया जाता था। महिला को सिर्फ 7 स्विस फ्रैंक यानी लगभग 6.19 पाउंड का ही पेमेंट किया गया था। अभियोजन पक्ष ने कहा है कि इससे ज्यादा पैसा तो यह परिवार अपने कुत्तों पर खर्च कर देता है। आपको बता दें कि यह परिवार अपने पालतू कुत्ते पर सालाना 8,584 फ्रैंक यानी 7,616 पाउंड खर्च करता था।

