रांची : झारखंड की राजधानी रांची के स्टेशन रोड स्थित एक होटल से पुलिस ने युवक का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान 24 वर्षीय दानिश इस्लाम के रूप में की गई। युवक का शव फंदे से लटका पाया गया। वह एक युवती के साथ होटल होराज में ठहरा था। वहीं, पुलिस ने युवती को भी अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतक सिमडेगा के बानो का रहने वाला था। दानिश के पिता सरवर सज्जाद ने बेटे की प्रेमिका, होटल मालिक समेत कर्मियों के खिलाफ चुटिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत ने बताया कि एफएसएल टीम से होटल के कमरे की जांच करवाई गई। टीम ने कमरे से कई सैंपल इकट्ठा किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
पुलिस ने परिजनों को सौंपा शव, युवती भर्ती
युवती ने पुलिस को बताया है कि वह बाथरूम गई थी। जब वह बाहर आई, तो देखा कि दानिश पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था। यह देखकर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी। शोर सुनकर होटलकर्मी कमरे में पहुंचे। दनिश को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तबतक दानिश की मौत हो चुकी थी। उसके बाद चुटिया थाना को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। हादसे के बाद युवती सदमे में हैं। पुलिस ने उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया है।
दोनों के बीच था प्रेम संबंध
जानकारी के अनुसार दानिश पिछले कुछ दिनों से रांची में जिंस फैक्ट्री में काम कर रहा था। पिछले दो साल से दानिश और युवती के के बीच प्रेम संबंध था। बीते 31 दिसंबर को दानिश ने युवती को रांची बुलाया था। उसके बाद 6 जनवरी को दोनों ने होटल होराज में कमरा नंबर 303 लिया वहीं ठहरे थे।

