रांची: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार शाम को रांची पहुंच गई हैं। उनका विमान रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शाम को लैंड किया। राष्ट्रपति का स्वागत झारखंड के गवर्नर संतोष कुमार गंगवार ने किया। इस गवर्नर के साथ राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की समेत कई आला अधिकारी भी मौजूद थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एयरपोर्ट से सीधे राजभवन के लिए रवाना हो गईं, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगी। 15 फरवरी को राष्ट्रपति बीआईटी मेसरा में आयोजित प्लैटिनम जुबली समारोह में शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर राज्य में कई प्रशासनिक तैयारियां की गई हैं।
उपायुक्त ने लिया सुरक्षा का जायजा
बीआईटी मेसरा स्थित जीपी बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले प्लैटिनम जुबली समारोह के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक हुई। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इससे पहले उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि कार्यक्रम के दौरान कोई भी असुविधा न हो। खासकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
जांच के बाद ही मिलेगी एंट्री
उपायुक्त ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा जांच के बाद ही दर्शकों को ऑडिटोरियम में प्रवेश की अनुमति दी जाए। यह निर्देश कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी आगंतुकों और अधिकारियों के लिए अनिवार्य होंगे। सभी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम की सफलता और सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर आश्वस्त किया। अधिकारियों ने ये भी कहा कि राष्ट्रपति के आगमन के दौरान सुरक्षा संबंधी कोई भी लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 14 फरवरी को अपने दो दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंचने वाली हैं। उनका आगमन रांची एयरपोर्ट पर शाम को होगा, जहां से वह राजभवन में रात्रि विश्राम के लिए जाएंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर रांची शहर में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति के गुजरनेवाले मार्ग वाले इलाकों को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 3500 जवान तैनात
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा को लेकर रांची में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। रांची एयरपोर्ट से राजभवन और राजभवन से बीआईटी तक की दूरी पर करीब 3500 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, राष्ट्रपति की सुरक्षा की निगरानी के लिए पांच आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
थम जाएगा राजधानी का यातायात
रांची एयरपोर्ट से राजभवन तक राष्ट्रपति का काफिला गुजरने के दौरान सभी रास्ते और कट बंद कर दिए जाएंगे, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह से प्रभावित रहेगा। यह सुरक्षा के लिहाज से एक अहम कदम है, ताकि राष्ट्रपति के काफिले को किसी भी प्रकार की रुकावट का सामना न करना पड़े।
सिटी एसपी ने कहा-सभी पहलुओं पर नजर
रांची के सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने पुष्टि की है कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं पहले से ही तय की जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति के आगमन से लेकर रूट लाइन पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है, और यातायात समेत सभी पहलुओं का खास ध्यान रखा गया है।
राष्ट्रपति का तय कार्यक्रम
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दो दिवसीय कार्यक्रम 14 फरवरी से शुरू होकर 15 फरवरी तक चलेगा। 14 फरवरी की शाम रांची एयरपोर्ट पहुंचने के बाद, राष्ट्रपति राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। 15 फरवरी को वह बीआईटी मेसरा के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। इसके बाद 15 फरवरी को ही राष्ट्रपति विशेष सैन्य विमान से दिल्ली लौटेंगी। रांची में राष्ट्रपति के आगमन के लिए इस पूरी सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी निगरानी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उनका दौरा पूरी तरह से शांतिपूर्ण और सुरक्षित हो।

