पलामू, झारखंड: पलामू जिले के छतरपुर अनुमंडल में एक डांस प्रोग्राम से पहले छत्तीसगढ़ की एक डांसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रिया कुमारी के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ के लखनपुर थाना अंतर्गत नावापारा गांव की निवासी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
डांस प्रोग्राम से पहले बिगड़ी तबीयत, उल्टी और सिरदर्द की शिकायत
प्रिया कुमारी शनिवार की रात अपने साथियों के साथ खुले में शौच के लिए गई थी। लौटने के बाद उसने सिरदर्द की शिकायत की। साथियों ने सिर में तेल मालिश की, लेकिन उसकी हालत और बिगड़ गई। उसे उल्टी भी होने लगी, जिसके बाद मकान मालिक को बुलाया गया।
मकान मालिक के बेटे ने लगाए इंजेक्शन, हालत और बिगड़ी
घटना के दौरान प्रिया की बिगड़ती हालत को देखते हुए मकान मालिक के बेटे ने उसे दो इंजेक्शन लगाए। लेकिन इंजेक्शन लगाने के बाद उसकी तबीयत और खराब हो गई। तत्काल उसे छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए, जांच जारी
छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने पुष्टि की कि इंजेक्शन दिए जाने के बाद डांसर की मौत हुई है। पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
कार्यक्रम से पहले नहीं मिले पैसे, किराए के मकान में रह रही थी डांसर
प्रिया की सहेली नीतू ने बताया कि उन्हें डांस प्रोग्राम के लिए बुलाया गया था, लेकिन आयोजकों की ओर से अब तक भुगतान नहीं किया गया था। इसी कारण वे छतरपुर में एक किराए के मकान में रह रही थीं। सामान्यत: उन्हें प्रत्येक कार्यक्रम के लिए ढाई से तीन हजार रुपये तक की राशि मिलती थी।
परिजनों को दी गई सूचना, पलामू पहुंचने की तैयारी में परिवार
घटना की सूचना प्रिया कुमारी के परिजनों को दे दी गई है और वे पलामू के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस की टीम मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि किसी भी संभावित लापरवाही या आपराधिक गतिविधि का खुलासा किया जा सके।
Read Also- Manish Kashyap : मनीष कश्यप ने BJP से दिया इस्तीफा, हाथ जोड़कर मांगी माफी

