Jamshedpur (Jharkhand) : देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले जवानों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके परिवार समाज के लिए प्रेरणा हैं। प्रशासन सदैव बलिदानियों और उनके परिवारों के सम्मान में तत्पर रहेगा। यह बात पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कही। वह जिला मुख्यालय सभागार में रविवार को शहीद परिवारों के सम्मान में आयोजित भव्य समारोह को संबोधित कर रहे थे।
सम्मानित किए गए बलिदान जवानों के परिजन
समारोह में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने बलिदान जवानों के परिवारों को गुलदस्ते भेंट किए और शॉल ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया। समारोह में जिले में रहने वाले सात बलिदान जवानों के परिवारों को उनके अदम्य साहस और बलिदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सम्मानित बलिदान परिवारों में सुनीता शर्मा (पत्नी बलिदान मनोज कुमार), जगमाया देवी (माता बलिदान किशन दुबे, शौर्य चक्र), दुर्गावती देवी (पत्नी बलिदान जितेंद्र कुमार), पद्मा राव (पत्नी बलिदान श्रीनिवास राव), नायब सूबेदार नवीन (पिता शहीद मनोरंजन, शौर्य चक्र, मरणोपरांत), सिपाही गणेश हांसदा (शौर्य चक्र शहीद, गलवान, चीन बॉर्डर) और बलिदान दिलीप बेसरा शामिल थे।
ये थे उपस्थित
समारोह में जमशेदपुर मिलिट्री स्टेशन से कर्नल रजनीश शर्मा भी शामिल हुए। इनके अलावा पूर्व सैनिक सेवा परिषद की पूर्वी सिंहभूम शाखा के प्रतिनिधि समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। बता दें कि प्रत्येक पर्ष दीपावली से एक दिन पूर्व इस समारोह का आयोजन किया जाता है।

