Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह में सोमवार देर रात पुलिस और झारखंड के कुख्यात बदमाश प्रिंस खान के गुर्गों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लगी है। इसकी पहचान शूटर रवि महानंद उर्फ गोपाल के रूप में हुई है। घायल को पुलिस ने हिरासत में लेकर एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है।गौरतलब है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बारीडीह हाई स्कूल के पास एक बिल्डिंग में कुछ बदमाश छिपे हैं। यह बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। इस एनकाउंटर में डीएसपी भोला प्रसाद बाल बाल बच गए। पुलिस ने मौके से तीन खोखे भी बरामद किए हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर ली। पुलिस जब बिल्डिंग में घुसी तो बदमाशों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बदमाशों की तरफ से तीन राउंड फायरिंग की बात कही जा रही है। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया। सूत्र बताते हैं कि एक खाली क्वार्टर में प्रिंस खान के शूटर शराब पी रहे थे। तभी सूचना मिलने पर पुलिस ने वहां छापामारी की। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चलाईं।पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्तौल, आधा दर्जन जिंदा कारतूस, कई खोखे और अन्य हथियार बरामद किए हैं।
वहीं, तीन अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार सिदगोड़ा, कदमा और गोलमुरी इलाके में छापेमारी कर रही है।सूत्रों की मानें तो घायल बदमाश प्रिंस खान गैंग का शूटर बताया जा रहा है।
इन्होंने कुछ दिन पहले सीतारामडेरा इलाके के कारोबारी हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग की थी। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मुठभेड़ पर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।देर रात हुई फायरिंग से पूरा बारीडीह इलाका दहशत में रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात भर गोलियों की आवाज सुनाई देती रही और सुबह तक पुलिस बल तैनात रहा।

