बोकारो : बोकारो एयरपोर्ट से हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। इसे शुरू करने में सबसे बड़ी बाधा बूचड़खाने हैं। हवाईअड्डा से सटे इन अवैध बूचड़खानों पर शनिवार को जिला प्रशासन के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। बोकारो के इस्पात प्रबंधन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चला कर इन बूचड़खानों पर बुल्डोजर चला दिया।
दूंदीबाद के नजदीक स्थित कुल 29 अवैध बूचड़खानों को पहले ही बोकारो इस्पात की तरफ से नोटिस जारी कर दी गई है। दुकानदारों को स्वयं दुकानें हटाने का निर्देश दिया गया था। प्रशासनिक टीम के मौके पर पहुंचने से पहले कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें खुद ही हटा लीं, जबकि निर्धारित समय के बाद भी जिन लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, उनकी दुकानों पर भी बुलडोजर चला दिया गया है। अभियान के दौरान दंडाधिकारी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे किसी भी प्रकार का विरोध या अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह कदम हवाईअड्डे से उड़ान सेवा शुरू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। हालांकि, हवाईअड्डा परिसर के आसपास अब भी कुछ अतिक्रमण मौजूद हैं, जिन्हें हटाने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। जब तक पूरा इलाका अतिक्रमण मुक्त नहीं हो जाता, हवाई सेवा संचालन में बाधा बनी रह सकती है। गौरतलब है कि हवाई अड्डे के पास बूचड़खाने नहीं होने चाहिए। ऐसा इसलिए किया जाता है ताकि कोई चील या अन्य पक्षी एयरपोर्ट के आसपास नहीं उड़ें।

