Jamshedpur : जमशेदपुर में जूनियर स्टेट झारखंड बास्केटबॉल चैंपियनशिप की तैयारी तेज हो गई हैं। आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जमशेदपुर टीम के चयन के लिए सफलतापूर्वक चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। यह चैंपियनशिप 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक साहिबगंज में आयोजित होगी।
90 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया ट्रायल में हिस्सा
सुबह 8 बजे केपीएस कदमा परिसर में हुए इस ट्रायल में 90 से अधिक बालक-बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने अपने कौशल, जोश और प्रतिस्पर्धी जज्बे का शानदार प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया के बाद बालक एवं बालिका वर्ग से 12-12 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जो राज्य प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
चयन ट्रायल का संचालन मोहम्मद आरिफ आफताब, जलाल शेख, अज़हर खान और सुप्रिया करण की देखरेख में किया गया। कार्यक्रम को निष्पक्ष और सुव्यवस्थित बनाने में शबानुल हक, अमित कुमार शर्मा, अंजलि, विशाल, दीपक और अरहान का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
भारतीय टीम के कोच जेपी सिंह ने खिलाड़ियों को दिए टिप्स
ट्रायल के दौरान भारतीय टीम के कोच जेपी सिंह की उपस्थिति खिलाड़ियों के लिए खास रही। उन्होंने बास्केटबॉल के बुनियादी कौशलों का प्रदर्शन करते हुए खिलाड़ियों को मार्गदर्शन दिया और आगामी चैंपियनशिप के लिए प्रभावी प्रशिक्षण तकनीकों पर उपयोगी सुझाव साझा किए।
समापन पर खिलाड़ियों ने टीम में जगह बनाने की उम्मीद के साथ खेल भावना और दृढ़ संकल्प का बेहतरीन परिचय दिया।

