Jamshedpur : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित रामजनमनगर के लोगों ने गुरुवार रात असामाजिक तत्वों से परेशान होकर कदमा थाने का घेराव कर दिया। करीब 50 की संख्या में बस्तीवासी थाने पहुंचे और परिसर में ही धरने पर बैठ गए। लोगों ने पुलिस से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
बस्तीवासियों का कहना है कि इलाके के ही रहने वाले अजय रजक और पंकज नामक युवक आए दिन लोगों को परेशान करते हैं। उनकी हरकतों के कारण पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है और लोग डर के साए में जीवन जीने को मजबूर हैं।
महिला के घर में घुसकर मारपीट का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि गुरुवार शाम को अजय रजक अपने कुछ साथियों के साथ एक महिला के घर में जबरन घुस गया और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट करने लगा। आरोप है कि इस दौरान महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार और मारपीट की गई। बस्तीवासियों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।
घटना से नाराज होकर बड़ी संख्या में लोग रात में कदमा थाना पहुंचे और घेराव करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। करीब एक घंटे तक लोग थाना परिसर में धरने पर बैठे रहे।
पुलिस के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रवेशचंद्र सिन्हा ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की और पूरे मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस के आश्वासन के बाद बस्तीवासी शांत हुए और धरना समाप्त कर अपने घर लौट गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

