Palamu: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अलीनगर गांव के एक खेत में एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक बेल बिगहा पंचायत के पोखरापर निवासी संजय पासवान है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
गौरतलब है कि संजय पासवान पिछले कुछ समय से अलीनगर गांव स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के एक खेत में उसका शव पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत इसकी सूचना हुसैनाबाद थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि संजय पासवान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस कर रही तहकीकात
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। लोगों का कहना है कि खेत में युवक का शव मिलने से कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

