Ranchi: राज्य में सामने आए ट्रेजरी घोटाले की जांच अब तेज हो गई है। वरीय आईएएस अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय कमेटी ने सोमवार को अपनी पहली बैठक की। प्रोजेक्ट भवन में आयोजित इस बैठक में समिति के सदस्यों के साथ-साथ वित्त विभाग और कोषागार (ट्रेजरी) के अधिकारी भी शामिल हुए।बैठक के दौरान कमेटी ने वित्त विभाग से अब तक हुई जांच की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
साथ ही हजारीबाग, पलामू, बोकारो, देवघर और रांची समेत अन्य कोषागारों में सामने आई गड़बड़ियों पर भी अलग-अलग रिपोर्ट तलब की गई है। समिति ने स्पष्ट किया है कि सभी तथ्यों के गहन अध्ययन के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।सूत्रों के अनुसार, कमेटी मंगलवार को भी बैठक करेगी, जिसमें वित्त विभाग से प्राप्त रिपोर्ट का अवलोकन किया जाएगा और जांच की दिशा व दायरा तय किया जाएगा।गौरतलब है कि हजारीबाग और बोकारो ट्रेजरी में शुरुआती जांच के दौरान करीब 19 करोड़ रुपये की गड़बड़ी सामने आई थी।
बाद में यह मामला धीरे-धीरे पूरे राज्य में लगभग तीस करोड़ से अधिक होने की संभावना है। राज्य सरकार पहले ही सभी 33 ट्रेजरी की जांच कर रही है। ऑनलाइन पोर्टल के जरिए कैसे गड़बड़ियों की गईं यह भी देखा जा रहा है। आरोप है कि वेतन भुगतान के नाम पर फर्जी तरीके से राशि की निकासी की गई। इस मामले में अब तक कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कराने पर जोर दे रही है, ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

