Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर में चापड़बाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार की शाम टेल्को थाना क्षेत्र के धोबी मोड़ के पास एक बार फिर सरेआम हमला हुआ, जिसमें बाइक सवार दो नाबालिग युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए सड़क पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो अलग-अलग बाइकों पर सवार किशोरों के बीच अचानक विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। एक बाइक पर सवार युवकों ने दूसरे बाइक सवार किशोरों पर चापड़ से हमला कर दिया।हमले के दौरान घबराकर दूसरी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
बाइक सवार दोनों किशोर जान बचाने के लिए भागने लगे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा कर कुछ दूरी पर घेर लिया और ताबड़तोड़ वार कर दिए।इस हमले में एक किशोर की पीठ पर गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरे के कान के पास गहरी चोट लगी है।घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आपसी विवाद का मामला मान रही है और घायलों से पूछताछ कर रही है।लगातार हो रही चापड़बाजी की घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

