चतरा। सिमरिया–हजारीबाग मुख्य पथ (एनएच-100) पर बानासाड़ी के समीप मंगलवार देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने चतरा–हजारीबाग–सिमरिया मुख्य सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और मृतक की पत्नी को कंपनी में नौकरी देने की मांग पर अड़े रहे। अधिकारियों के आश्वासन पर जाम हटवाया गया।
जानकारी के अनुसार हजारीबाग जिले के खपरियावा गांव से सिमरिया के बानासाड़ी गांव में बारात आई हुई थी। देर रात बाराती सड़क पार कर गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे कोयला लदे वाहन ने अजय साव को जोरदार टक्कर मार दी। युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पीड़ित परिवार को मुआवजा व आश्रित को नौकरी देने की मांग
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने चतरा–हजारीबाग–सिमरिया मुख्य सड़क को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि आम्रपाली परियोजना से जुड़े कोयला ढुलाई करने वाले भारी वाहन इस मार्ग पर लगातार तेज रफ्तार से चलते हैं। इससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा और आश्रित को नौकरी देने की मांग की। साथ ही भारी वाहनों की गति पर सख्ती से नियंत्रण की जरूरत बताई।
सूचना मिलते ही पुलिस के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी चन्द्रदेव प्रसाद घटना स्थल पहुंचे। ग्रामीणों और परिजनों से वार्ता कर स्थिति को नियंत्रित करने और जाम को हटाने का प्रयास किया। काफी समझाने के बाद मामले का हल निकाला गया।
Read Also: http://Jharkhand Cabinet: झारखंड मंत्रिपरिषद की बैठक 28 को; कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लगेगी मुहर

