चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला में सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चल रहा है। पूरे जिले में सुरक्षा बल अलर्ट पर हैं। इसके बाद भी नक्सलियों ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना अंतर्गत दुगुनिया गांव में अपने ही एक सदस्य की हत्या की घटना को अंजाम दिया है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस की सक्रियता पर सवालिया निशान भी खड़े हो रहे हैं। जिस युवक की पीट पीट कर हत्या की गई है वह भाकपा माओवादी नक्सली संगठन का सदस्य बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि जेल से वापस आने के बाद युवक ने नक्सली संगठन से दूरी बना ली थी, इसी के चलते नक्सली उससे नाराज थे। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या नक्सलियों ने ही की है।
सूत्रों की मानें तो पहले भी नक्सली उसे धमकी दे चुके थे। मृतक नक्सली का नाम गोइलकेरा थाना अंतर्गत दुगुनिया गांव निवासी रमेश चांपिया उर्फ चमड़ा है। उसकी उम्र 32 साल थी। रमेश चांपिया डेढ़ साल पहले जेल से छूटा था। नक्सलियों को शक हो गया था कि रमेश पुलिस से उसकी मुखबिरी कर रहा है। मृतक रमेश पर नक्सलियों की नजर काफी पहले से थी और जेल से छूटने के बाद वह संगठन में नहीं गया जिससे संगठन के लोग नाराज थे। आशंका जताई जा रही है कि मौका मिलते ही संगठन के सदस्यों ने ही हत्या की इसवारदात को अंजाम दिया।
जेल से छूटने के बाद आम जीवन जी रहा था रमेश
भाकपा माओवादी नक्सली के पूर्व सदस्य रमेश चांपिया उर्फ चमड़ा घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र दुगुनिया गांव निवासी था। वह नक्सलियों का सक्रिय सदस्य था। यही कारण है कि पुलिस के रडार पर आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जेल से छूटने के बाद वह पुन: संगठन में नहीं गया था। यही कारण है कि वह नक्सलियों के निशाने पर था। जेल से छूटने के बाद वह आम जीवन यापन कर रहा था। वर्तमान में डेरुवा मनोहरपुर सड़क निर्माण में मुंशी का काम कर रहा था।
घर से बुला कर ले गए नक्सली
रोज की तरह शुक्रवार की रात रमेश घर पर परिवार का साथ सो रहा था, इसी दौरान 4 से 5 की संख्या में रात्रि लगभग 11 बजे हथियारबंद नक्सली मौके पर पहुंच कर उसे घर से बुला कर ले गए। इस दौरान मृतक के पत्नी भी पीछे-पीछे आयी। नक्सलियों ने रमेश की पत्नी को धमकाते हुए घर जाने को कहा, साथ ही उसके कल आने की बात कही। इसके बाद पत्नी घर चली गई।
घर से 500 मीटर की दूरी पर ले जाकर कर दी हत्या
घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण रात में कोई नहीं निकाला और उसे घर से 500 मीटर के दूरी पर ले जाकर चारों ने उसे पीट-पीट कर हत्या कर दी। उसके गुप्तांग पर भी काफी बार हमला किया गया है।
सड़क पर शव फेंक फरार हो गए
हत्या के बाद हथियार बंद लोग शव को गोइलकेरा मनोहरपुर मुख्य मार्ग पर फेंके शव को देखकर इलाके में सनसनी फैल गयी। घटना की सूचना मिलने के बाद गोइलकेरा पुलिस घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
जांच चल रही है : एसपी
पश्चिमी सिंहभूम जिला के एसपी अमित रेनू ने कहा कि हत्या हुई है, यह नक्सली घटना है या नहीं इसकी जांच चल रही है उसके बाद ही मामला साफ हो पाएगा। पुलिस घटनास्थल पर गई है।
Read Also- Palamu Road Accident : स्कॉर्पियो से भिड़ी बुलेट, खत्म हो गई जिंदगी: पलामू हादसे में इंजीनियर की मौत

