Jamshedpur : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में 26 और 27 मई को हुई फायरिंग की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में घटना के मास्टरमाइंड सहित कुल चार बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक लोडेड पिस्टल, गोली और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
एक आरोपी अब भी है फरार
गौरतलब है कि नामदा बस्ती निवासी अमन सिंह और राज कुमार साह के लिखित आवेदन के आधार पर गोलमुरी थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पीयूष पांडे के निर्देश पर डीएसपी (नगर) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने केस में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें विक्की सिंह गिल उर्फ कुण्डी (28 वर्ष), रविन्द्र कुमार ठाकुर (26 वर्ष), बलराम सिंह उर्फ छोटू (29 वर्ष) और अमन सिंह (29 वर्ष) शामिल हैं। एसएसपी ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी अब भी फरार है। अमन कुमार के घर पर फायरिंग करने में विक्की के साथ रविंदर के अलावा एक और बदमाश शामिल था। रविंदर को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार बदमाश की तलाश में छापेमारी चल रही है।
कोलकाता के माॉल से गिरफ्तार हुआ था मास्टरमाइंड
पुलिस के अनुसार विक्की सिंह गिल उर्फ कुण्डी इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड है। उसे पहले ही कन्हैया यादव हत्याकांड में 31 मई 2026 को कोलकाता के एक मॉल से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। वहीं, अन्य तीन आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने दोनों घटनाओं में इस्तेमाल की गई एक लोडेड पिस्टल, एक जिंदा गोली तथा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

