RANCHI: रांची पुलिस मुख्यालय में सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) सह पुलिस महानिरीक्षक रांची प्रक्षेत्र की अध्यक्षता में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और अनुसंधान कार्यों की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक (नगर), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), सभी पुलिस उपाधीक्षक तथा जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे। इस दौरान जिले की विधि-व्यवस्था, लंबित कांडों के अनुसंधान, अपराध नियंत्रण और विशेष अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई। अपर पुलिस महानिदेशक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों की पहचान कर वहां सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। पहले से स्थापित कैमरों की भी समीक्षा कर अतिरिक्त निगरानी व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया।
बैठक में पीसीआर, टाइगर मोबाइल, शक्ति कमांडो, हाईवे पेट्रोलिंग और अन्य गश्ती दलों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए गश्त को और प्रभावी बनाने तथा संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम से जुड़े मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, पीड़ितों को समय पर सहायता तथा आरोप-पत्रों के शीघ्र समर्पण पर भी जोर दिया गया।
गुमशुदा बच्चों से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों को एसओपी के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने और बच्चों की शीघ्र बरामदगी के लिए समन्वित प्रयास करने का निर्देश दिया गया। वहीं एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े मामलों में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया गया। स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखने पर भी बल दिया गया।
बैठक में 10 जून से 25 जून 2026 तक जिलेभर के शैक्षणिक संस्थानों में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा संगठित अपराध, रंगदारी, भू-माफिया और आपराधिक गिरोहों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए। अंत में उत्कृष्ट पुलिस कार्य, अपराध नियंत्रण और महत्वपूर्ण मामलों के सफल उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची, पुलिस अधीक्षक (नगर) सहित कई अनुसंधानकर्ताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

