Jamshedpur : कदमा-सोनारी मरीन ड्राइव पर मंगलवार देर रात करीब एक बजे दो ट्रकों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कोल्ड ड्रिंक्स से लदे एक ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लदी सैकड़ों बोतलें सड़क पर बिखर गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई। सड़क पर फैली कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें और क्रेट उठाने की होड़ मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बताया जा रहा है कि कोल्ड ड्रिंक्स से भरा ट्रक आदित्यपुर से रांची की ओर जा रहा था। इसी दौरान मरीन ड्राइव पर विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। प्रारंभिक जांच में वन-वे सड़क पर गलत दिशा से वाहन आने को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है।
टक्कर के बाद कोल्ड ड्रिंक्स लदे ट्रक का चालक केबिन में फंस गया। उसके पैर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और पुलिस के संयुक्त प्रयास से चालक को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) भेजा गया। वहीं दूसरे ट्रक का चालक सुरक्षित बताया जा रहा है। पुलिस ने रातभर राहत एवं बचाव कार्य चलाया और भीड़ को मौके से हटाया। बुधवार सुबह दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को जब्त कर थाने ले जाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Read Also: Kolhan University : पांच साल का सबसे खराब रिज्लट, 47 प्रतिशत विद्यार्थी फेल

