
चाईबासा : झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस-2026 के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। खेल भावना, स्वस्थ जीवनशैली और युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से क्रॉस कंट्री रेस, कबड्डी और फुटबॉल प्रतियोगिताएं कराई गईं।
क्रॉस कंट्री में दिखा उत्साह
कार्यक्रम के तहत आयोजित क्रॉस कंट्री दौड़ में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। धावकों ने पूरे जोश के साथ निर्धारित दूरी तय की। वहीं कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन आवासीय तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र, कुमारडुंगी में और फुटबॉल प्रतियोगिता जिला स्कूल, चाईबासा में संपन्न हुई।
विजेताओं को ट्रॉफी और टी-शर्ट
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया। विजेताओं को प्रशिक्षु आईएएस सुश्री ईरा जोरवाल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, नगर परिषद अध्यक्ष चाईबासा नितिन प्रकाश तथा जिला खेल पदाधिकारी मारकस हेम्ब्रम ने पुरस्कृत किया।
खेल को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान
अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न सिर्फ शारीरिक विकास के लिए जरूरी है, बल्कि अनुशासन और टीम भावना भी सिखाता है। युवाओं से खेलों को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।
सभी सहयोगियों का रहा योगदान
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला खेल कार्यालय के पदाधिकारियों-कर्मियों, विभिन्न खेलों के प्रशिक्षकों, जिला ओलंपिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों, तकनीकी अधिकारियों और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला प्रशासन ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों, खेल प्रेमियों और संबंधित संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता के विजेता
बालक वर्ग
प्रथम स्थान – मांगु ईचागुटू
द्वितीय स्थान – भीमो चन्दन
तृतीय स्थान – बिंदराय पुरती
चतुर्थ स्थान – सेलाय सुण्डी
पंचम स्थान – मथियस सुण्डी
बालिका वर्ग
प्रथम स्थान – प्रतिका महतो
द्वितीय स्थान – पिंकी देवगम
तृतीय स्थान – शीला बानरा
चतुर्थ स्थान – सोनामुनी लागुरी
पंचम स्थान – प्रीति तियु

