
Ranchi : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की शुरुआत आज 30 जून से हो गई है। इस अभियान के तहत 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और उनकी मैपिंग सुनिश्चित करेंगे। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।
बीएलओ देंगे दो प्रतियों में इन्यूमरेशन फॉर्म
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि बीएलओ प्रत्येक मतदाता को आंशिक रूप से भरा हुआ इन्यूमरेशन फॉर्म दो प्रतियों में उपलब्ध कराएंगे। मतदाता फॉर्म भरकर एक प्रति बीएलओ को जमा करेंगे, जबकि दूसरी प्रति पावती के रूप में अपने पास सुरक्षित रखेंगे।
उन्होंने बताया कि जो भी मतदाता निर्धारित अवधि में इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करेंगे, उनका नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
फॉर्म भरने के लिए दस्तावेज देने की जरूरत नहीं
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इन्यूमरेशन फॉर्म भरते समय मतदाताओं को किसी भी प्रकार का दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि जब बीएलओ उनके घर पहुंचें तो वे पूरी जानकारी देकर प्रक्रिया में सहयोग करें।
मैपिंग नहीं होने पर मिलेगा नोटिस
के. रवि कुमार ने बताया कि जिन मतदाताओं की पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची से मैपिंग नहीं हो पाएगी, उन्हें निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO) की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस मिलने के बाद संबंधित मतदाता आवश्यक दस्तावेज बीएलओ को उपलब्ध कराएंगे। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
एक भी पात्र नागरिक नहीं छूटेगा
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे और एक भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
हर चरण में मौजूद रहेंगे राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है। अभियान के प्रत्येक चरण में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे और उन्हें सभी चरणों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही राज्य के सभी मतदाताओं से गणना पत्र (इन्यूमरेशन फॉर्म) भरकर बीएलओ को सहयोग करने की अपील की गई।
Read also – Jamshedpur News : बर्मामाइंस में ट्रक चालक पर चापड़ से जानलेवा हमला, लूट की कोशिश नाकाम, पुलिस जांच में जुटी

