
Jamshedpur : टाटा कमिंस कर्मचारियों के वेज रिवीजन समझौते को लेकर प्रबंधन और यूनियन के बीच वार्ता का दौर जारी है। कर्मचारियों का ग्रेड रिवीजन पिछले एक अप्रैल से लंबित है। प्रबंधन यूनियन के बीच कई दौर की वार्ता चली लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकल पाया। कुछ बिंदुओं पर सहमति तो बनी लेकिन कुछ मामले को लेकर आज भी जिच कायम है। ग्रेड रिवीजन में विलंब होने से कर्मचारियों के बीच असंतोष का माहौल है। इसी बीच यह अभी भी उम्मीद है कि विलंब सही लेकिन बेहतर ग्रेड रिवीजन होगा। हालांकि पिछले एक सप्ताह से अधिक दिनों से दोनों पक्षों के बीच वार्ता बंद है। टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन को वार्ता के लिए प्रबंधन के बुलावे का इंतजार है। इधर यूनियन के सत्ता विरोधियों के साथ कर्मचारियों ने सत्ता पक्ष से पिछले वेज रिवीजन समझौता में डीए प्रति प्वाइंट वैल्यू में पचास पैसे की वृद्धि से हुए लाभ का हवाला देकर ऐसी ही कुछ बेहतर समझौते की उम्मीद किया है। विपक्ष का कहना है कि पिछले वेज रिवीजन समझौता में डीए के प्रति प्वाइंट वैल्यू को 2 रुपये से बढाकर 2.50 रुपये किया गया। इस वृद्धि से कर्मचारियों के वेतन में जून 2022 से जून 2026 तक प्रतिमाह 1200 रुपये का लाभ हुआ है। कर्मचारियों ने वर्तमान यूनियन नेतृत्व से इस बार भी वेज रिवीजन समझौता में इस तरह का कोई समझौता करने का उम्मीद किया है जिससे कर्मचारियों को दीर्घकालीन लाभ मिल सकेगा।

