
रांची: झारखंड में मेडिकल एवं नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे युवाओं के अच्छी खबर है। राज्य सरकार उन्हें अमेरिका भेजकर प्रशिक्षण दिलाएगी। इसके लिए जॉर्जिया विवि से एमओयू किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने बताया कि झारखंड के नर्सिंग और मेडिकल छात्रों को अमेरिका में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, शोध और कौशल विकास का अवसर दिलाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी के साथ राज्य के नर्सिंग कॉलेजों और मेडिकल संस्थानों के शैक्षणिक सहयोग के लिए समझौता (एमओयू) अंतिम चरण में है। ने मंत्री सोमवार को रांची में जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी के इंटरनेशनल सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी के निदेशक चार्ल्स आर हैंकला और उनके प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने योजना की पूरी जानकारी दी।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से मेधावी नर्सिंग और मेडिकल छात्रों को एक वर्ष के प्रशिक्षण के लिए अमेरिका भेजने का प्रयास किया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद छात्र लौटकर राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेंगे। उनकी विशेषज्ञता एवं वहां के अनुभवों का लाभ राज्य की जनता को मिल पाएगा।
आधुनिक चिकित्सा शिक्षा की दिशा में बड़ी पहल
स्वास्थ्य मंत्री ने इसे युवाओं के भविष्य, रोजगार और आधुनिक चिकित्सा शिक्षा की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया। प्रतिनिधिमंडल सदस्यों ने स्वास्थ्य मंत्री के साथ मेडिकल शिक्षा, नर्सिंग, पैरामेडिकल, रिसर्च, आधुनिक स्वास्थ्य तकनीक और अकादमिक सहयोग पर विस्तृत चर्चा की।
चार्ल्स हैंकला ने कहा कि उनकी टीम पिछले वर्ष से झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था का अध्ययन कर रही है। इरफान अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड को स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार तथा विकास के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।
Read Also: Supreme Court : 9वीं में तीन भाषाएं अनिवार्य करने की सीबीएसई नीति पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केंद्र, NCERT और CBSE से मांगा जवाब

