Home » Jamshedpur Crime : जुगसलाई में हत्या की साजिश नाकाम, कुख्यात तड़ीपार अपराधी खुर्शीद उर्फ भाकुड़ समेत 10 गिरफ्तार, हथियार-कारतूस बरामद

Jamshedpur Crime : जुगसलाई में हत्या की साजिश नाकाम, कुख्यात तड़ीपार अपराधी खुर्शीद उर्फ भाकुड़ समेत 10 गिरफ्तार, हथियार-कारतूस बरामद

Jamshedpur Crime : पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर शिव घाट स्थित रिसाइक्लिंग प्लांट के पास छिपाकर रखा गया एक और देसी पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए।

by Mujtaba Haider Rizvi
Jamshedpur Police Foil Murder Plot, Khursheed alias Bhakur Among 10 Arrested
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुगसलाई थाना क्षेत्र में हत्या की साजिश का खुलासा किया है। पुलिस ने कुख्यात तड़ीपार अपराधी और कथित ड्रग्स पैडलर मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो देसी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन, जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट, बीएनएस और झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम के तहत अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 21 जुलाई को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि गरीब नवाज कॉलोनी के पास खरकई नदी पर बने रेलवे पुल के नीचे मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ अपने गिरोह के सदस्यों के साथ हथियारों से लैस होकर एक अन्य अपराधी मो. निजाम की हत्या की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया। तलाशी में मो. शहजादा के पास से एक देसी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर ईदगाह मैदान के पास से गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को भी पकड़ लिया गया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर शिव घाट स्थित रिसाइक्लिंग प्लांट के पास छिपाकर रखा गया एक और देसी पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए। वहीं पटनहिया मोहल्ला मैदान के किनारे से एक जिंदा गोली और एक फायर किया हुआ खोखा भी बरामद हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि 19 जुलाई को इसी स्थान पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी।

पूछताछ में मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ ने पुलिस को बताया कि वह पहले मो. निजाम का साथी था। दोनों के बीच ब्राउन शुगर के कारोबार से जुड़े करीब 15-16 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसके अलावा, खुर्शीद के जेल जाने के दौरान उसकी प्रेमिका निखत परवीन उर्फ पूजा ने मो. निजाम से शादी कर ली थी। इसी रंजिश के चलते वह लगातार मो. निजाम की हत्या की योजना बना रहा था और गिरोह के साथ हथियार जुटा रहा था।

वहीं आरोपी मो. शहजादा ने पुलिस को बताया कि उसका भी मो. निजाम से पुराना विवाद था। उसने आरोप लगाया कि निजी रिश्तों और पारिवारिक विवाद के कारण उसे लगातार धमकियां मिल रही थीं। जेल से बाहर आने के बाद वह खुर्शीद के गिरोह के साथ जुड़ गया और हथियार खरीदने में सहयोग किया।

पुलिस ने इस मामले में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़, मो. शहजादा, मो. इकबाल, अरसिल शेख उर्फ अस्तर, मो. रिजवान उर्फ कैफ, मो. फैसल उर्फ अरमान, आफताब खान उर्फ गिडुआ बच्चा, मो. अरबाज खान, मो. सितारे तथा एक नाबालिग शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, दुष्कर्म और अन्य गंभीर मामलों सहित कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। जिला बदर होने के बावजूद जिले में प्रवेश कर अपराध की साजिश रचने के आरोप में उसके खिलाफ झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम (JCCA) के तहत भी अलग से मामला दर्ज किया गया है।

बरामद सामान में दो देसी पिस्टल, एक अतिरिक्त मैगजीन, छह जिंदा कारतूस तथा एक फायर किया हुआ खोखा शामिल है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Read Also: Jamshedpur News : जमशेदपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री मोदी का पुतला फूंका; शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग

Related Articles