
Jamshedpur : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। महज 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटने की वारदातों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही घटनाओं से महिलाओं और बुजुर्गों में भय का माहौल है।
ताजा घटना मानगो स्थित उलीडीह ओपी क्षेत्र के संकोसाई रोड नंबर-1 की है। शनिवार तड़के मॉर्निंग वॉक पर निकली आशा रानी षाडंगी उस समय चेन स्नैचरों का शिकार हो गईं, जब एक अज्ञात बदमाश ने उनके गले से करीब दो लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन झपट ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी पैदल आया, झपट्टा मारकर चेन छीनी और कुछ ही क्षणों में मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
इससे पहले शुक्रवार को सोनारी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला से चेन स्नैचिंग की घटना हुई थी। वहीं शुक्रवार शाम को साकची थाना क्षेत्र में पुलिस मुख्यालय और जिला समाहरणालय के पास भी बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली थी। लगातार तीसरी घटना सामने आने के बाद शहरवासियों में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

