Home » Lohardaga Protest : चैंबर ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर बंद रहा लोहरदगा, शुभम हत्याकांड के अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग हुई तेज

Lohardaga Protest : चैंबर ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर बंद रहा लोहरदगा, शुभम हत्याकांड के अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग हुई तेज

by Rakesh Pandey
Lohardaga Protest
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लोहरदगा : युवा व्यवसायी शुभम साहू की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या और उसके कुछ ही समय पहले शहर में लूट के दो प्रयासों के विरोध में शनिवार को झारखंड का लोहरदगा जिला पूरी तरह आक्रोशित नजर आया। लोहरदगा चैंबर ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर बुलाए गए जिला बंद और चक्का जाम का व्यापक असर देखने को मिला।

शहर से लेकर प्रखंड मुख्यालयों तक अधिकांश व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्वत: स्फूर्त बंद रहे, जबकि यात्री बसों, छोटे-बड़े व्यावसायिक वाहनों और मालवाहक वाहनों का परिचालन भी लगभग पूरी तरह ठप रहा। हालांकि रांची-लोहरदगा यात्री रेलगाड़ी समेत अन्य ट्रेनों का परिचालन सामान्य दिनों की तरह जारी रहा। सुबह से ही मुख्य बाजार, अपर बाजार, पतराटोली, मिशन चौक, महावीर चौक, बरवाटोली सहित शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में दुकानें बंद रहीं। सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही काफी कम रही। बंद का असर जिले के कई ग्रामीण बाजारों में भी दिखाई दिया। व्यापारियों ने इसे किसी संगठन का नहीं बल्कि पूरे जिले की सुरक्षा और सम्मान का सवाल बताया।

चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रितेश साहू का कहना है कि शुभम साहू की हत्या ने जिले के व्यापारी समुदाय को झकझोर दिया है। एक ही दिन में लूट के दो प्रयास और उसके बाद हत्या की घटना ने यह संदेश दिया है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि पहली वारदात के बाद पुलिस तत्काल सख्ती दिखाती तो बाद की घटनाओं को रोका जा सकता था। चैंबर ने स्पष्ट किया कि आंदोलन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि जिले में सुरक्षित माहौल बहाल कराने के लिए किया जा रहा है।

कानून-व्यवस्था पर उठाए गए गंभीर सवाल

बंद के दौरान विभिन्न संगठनों ने कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि पिछले कुछ समय से चोरी, लूट, नशाखोरी और आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है, जिससे व्यापारी और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। संगठनों ने मांग की कि शुभम हत्याकांड के सभी आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, शहर में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और व्यावसायिक क्षेत्रों में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

लोहरदगा बंद का कई संगठनों का मिला समर्थन

चैंबर के आह्वान पर लोहरदगा बंद और चक्का जाम को भारतीय जनता पार्टी, बस-ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन, सेवा भारती, सामाजिक विचार मंच, सर्राफा व्यवसायियों सहित कई सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों का समर्थन मिला। भाजपा के जिलाध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने इसे बढ़ते अपराध के खिलाफ समाज की एकजुट आवाज बताते हुए कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण तरीके से बंद को सफल बनाने की अपील की।

बस ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आरके सिन्हा ने कहा कि व्यापार और परिवहन क्षेत्र तभी सुरक्षित रहेगा, जब अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। सेवा भारती के जिलाध्यक्ष दीपक सर्राफ ने भी घटना की निंदा करते हुए जिले में मजबूत कानून-व्यवस्था की आवश्यकता पर बल दिया। सामाजिक विचार मंच के कंवलजीत सिंह ने कहा कि यह केवल एक व्यापारी की हत्या नहीं बल्कि पूरे समाज की सुरक्षा से जुड़ा विषय है।

लोहरदगा के सर्राफा कारोबारियों ने भी जताई चिंता

सर्राफा व्यवसायियों ने भी बंद का समर्थन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग दोहराई। संजय बर्मन का कहना है कि प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में स्थायी पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त, संदिग्ध वाहनों की सघन जांच और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई समय की जरूरत है। व्यापारियों ने जल्द पुलिस अधीक्षक को मांगपत्र सौंपने की भी घोषणा की।

यात्री बसें थमीं, ट्रेनें सामान्य रहीं

लोहरदगा बंद और चक्का जाम के कारण जिले से संचालित अधिकांश यात्री बसें नहीं चलीं। छोटे-बड़े व्यावसायिक वाहन और मालवाहक वाहनों का परिचालन भी प्रभावित रहा। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि रेलवे सेवाएं बंद से अप्रभावित रहीं। रांची-लोहरदगा यात्री रेलगाड़ी समेत अन्य ट्रेनों का परिचालन निर्धारित समय के अनुसार जारी रहा।

प्रशासन अलर्ट, जांच जारी, गिरफ्तारी के लिए चल रही छापेमारी

लोहरदगा बंद को देखते हुए शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। बंद को लेकर पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इधर, शुभम साहू हत्याकांड और लूट के प्रयासों की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) लगातार छापेमारी कर रहा है। फोरेंसिक टीम भी घटनास्थलों से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। एसपी सादिक अनवर रिजवी का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कई स्तरों पर कार्रवाई जारी है। झारखंड से लेकर दूसरे प्रदेश में भी पुलिस की टीम आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है।

व्यापारियों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

चैंबर ऑफ कॉमर्स ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। व्यापारिक संगठनों का कहना है कि जिले में भयमुक्त वातावरण बहाल होने तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। वहीं आम लोगों की भी निगाह अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है। जिले वासियों की अपेक्षा है कि शुभम साहू हत्याकांड और लूट के प्रयास की घटनाओं में शामिल अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, ताकि व्यापारियों और आम नागरिकों का भरोसा फिर से कायम हो सके।

Read Also- Jharkhand Panchayati Raj : राज्य निर्वाचन आयोग में प्रतिनियुक्त देवेंद्र कुमार सिंह बने केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान, रांची के प्राचार्य

Related Articles

Leave a Comment