
Jamshedpur : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिले का मुख्य समारोह 15 अगस्त को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास कराया गया। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया।
अंतिम पूर्वाभ्यास में जिला पुलिस बल की पुरुष एवं महिला टुकड़ियों के साथ होमगार्ड, चौकीदार महिला एवं पुरुष, एनसीसी, रेंजर गर्ल्स, स्काउट एंड गाइड की दो प्लाटून तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), पटमदा की बैंड पार्टी ने हिस्सा लिया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जेएनएसी के नगर आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद, नजारत उपसमाहर्ता डेविड बलिहार, उप निदेशक जनसंपर्क सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त राजीव रंजन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को सिदगोड़ा टाउन हॉल में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्कूली छात्र-छात्राएं देशभक्ति गीत और संगीत की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम को लेकर भी जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
गृह मंत्रालय के निर्देश के अनुसार समारोह
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार जिला स्तर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रगीत के गायन के बाद जिला मजिस्ट्रेट द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और राष्ट्रगान होगा। इसके बाद पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और स्काउट्स की ओर से परेड आयोजित की जाएगी।
इसके बाद जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जनता को संबोधित किया जाएगा। उपमंडल, प्रखंड तथा पंचायत स्तर पर भी निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और संबोधन सहित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

