नई दिल्ली :भारत और ऑस्ट्रेलिया (India vs Australia)के बीच 7 जून से शुरू हो रहे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल (World Test Championship Final) में टीम इंडिया की बैटिंग को बहुत कुछ दारोमदार शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली की तिकड़ी पर होगा.ये तीनों ही बल्लेबाज स समय बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं WTC फाइनल केनिंगटन ओवल मैदान पर खेला जाना है. फैंस को उम्मीद है कि रोहित शर्मा की टीम इस बार चैंपियन बनकर 2021 के WTC फाइनल में न्यूजीलैंड से हुई हार की निराश दूर करने में कामयाब होगी. हालांकि इससे लिए बैटरों को बड़ा स्कोर बनाकर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे बॉलरों को जलवे दिखाने का मौका देना होगा.

जहां विराट और शुभमन गिल (Shubman Gill)ने आईपीएल-2023 में रनों का अंबार लगाया है, वहीं पुजारा (Cheteshwar Pujara)ने भी इंग्लिश काउंटी में ससेक्स की ओर से खेलते हुए शतक पर शतक ठोके हैं. इंग्लैंड में लंबे समय से खेलने के कारण वे यहां के विकेटों के अभ्यस्त हो चुके हैं और यह बात भारत के पक्ष में जा सकती है.
विराट और सनी के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हैं 8-8 शतक
विराट कोहली (Virat Kohli) की बात करें तो WTC फाइनल में उनके पास सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) के रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका होगा. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक सचिन तेंदुलकर ने लगाए हैं जबकि महान सुनील गावस्कर और किंग कोहली 8-8 शतक के साथ इस मामले में दूसरे स्थान पर हैं. इन दोनों के अलावा इंग्लैंड के हरबर्ट सटक्लिफ ने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8 शतक लगाए हैं. विराट अगर ओवल में शतक बनाने में कामयाब रहे तो सनी के 8 शतक के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे. सचिन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 39 मैच में 11 शतक लगाए हैं जबकि गावस्कर ने 20 और विराट ने 24 टेस्ट में 8-8 शतक ठोके हैं. विराट के लिए गावस्कर के रिकॉर्ड को तोड़ने का WTC फाइनल से बेहतर मौका कोई नहीं हो सकता और फैंस भी उनसे इसकी उम्मीद लगाए हुए हैं.
जैक हॉब्स के हैं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वाधिक शतक
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के बल्लेबाज जैक हॉब्स के नाम पर है. उन्होंने 41 टेस्ट में इस देश के खिलाफ 12 शतक जड़े हैं. 11 शतक के साथ दूसरे जबकि वेस्टइंडीज के रिची रिचर्डसन व ब्रायन लारा और इंग्लैड के वॉली हेमंड व डेविड गॉवर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं. विराट यदि फाइनल में शतक बनाने में सफल रहे तो इन चारों की बराबरी पर आ जाएंगे.

