
Jamshedpur : गुलमोहर हाई स्कूल में कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए वार्षिक हिंदी एवं अंग्रेजी वाक्-कला प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रभावशाली प्रस्तुति, शुद्ध उच्चारण, भाव-अभिव्यक्ति, स्वर-संयोजन और आत्मविश्वास के साथ अपनी वक्तृत्व प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
हिंदी वाक्-कला प्रतियोगिता में शिक्षा निकेतन हाई स्कूल के हिंदी विभाग के वरिष्ठ विभागाध्यक्ष रामाकांत पाठक और एडीएल सनशाइन स्कूल की वरिष्ठ शिक्षिका शिप्रा सिंह निर्णायक रहीं। कक्षा छह से आठ वर्ग में जानवी कुमारी, नौवीं से दसवीं वर्ग में दिशा डे तथा 11वीं से 12वीं वर्ग में रजनी कुमारी सिंह को सर्वश्रेष्ठ वक्ता चुना गया। प्रतियोगिता का संचालन हिंदी विभागाध्यक्ष संजू वर्मा के नेतृत्व में हुआ। इसमें माला सिंह, शशि भूषण पाठक, बबीता कुमारी, रिंकू कुमारी और आशा पांडेय ने सहयोग किया।
अंग्रेजी वाक्-कला प्रतियोगिता में EduVibes की संस्थापक एवं सीईओ स्वाति कंबोज तथा विधि एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी आस्था करण निर्णायक रहीं। कक्षा छह से आठ वर्ग में आशी कुमारी, नौवीं से दसवीं वर्ग में प्रियांशी भट्टाचार्य और 11वीं से 12वीं वर्ग में पृथ्वीराज चौहान को सर्वश्रेष्ठ वक्ता का सम्मान मिला। प्रतियोगिता की प्रोसेस ओनर बैशाली दास गुप्ता रहीं।
विद्यालय की प्राचार्या प्रीति सिन्हा और उप-प्राचार्या अर्चना श्रीवास्तव ने विजेताओं एवं सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, भाषा-कौशल, तार्किक अभिव्यक्ति और प्रभावी संवाद क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में आयोजित प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए अपनी बात स्पष्ट, प्रभावी और आत्मविश्वास के साथ रखने का सशक्त मंच बनी।

