गुमला : बच्चा अपने दोस्त के घर जा रहा था। तभी किसी ने हाथ पकड़ा… फिर बेसुध हो गया छात्र। अपहर्ता उसे सुनसान जगह ले गए। रात में इसे लेकर वे योजना बना रहे थे। लेकिन तब तक बच्चे को होश आ गया। अंधेरी रात का फायदा उठाकर वह वहां से भाग निकला। आधी रात में जब घर पहुंचा तो परिजनों में खुशी का ठिकाना नहीं रहा। लेकिन अपहर्ताओं के नहीं पकड़े जाने से पूरा परिवार अब भी दहशत में है। बच्चे के पिता की चांदनी चौक में मोबाइल की एक छोटी दुकान है।
घटना गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के व्यस्ततम और भीड़भाड़ वाले चांदनी चौक इलाके की है। शुक्रवार की शाम 10 वर्षीय छात्र आरव प्रसाद उर्फ रोलिक शुक्रवार की शाम को पास में रहने वाला अपने एक दोस्त के घर जा रहा था। आरव मकरा स्थित सॉलिटेयर एजुकेशन एकादमी में पांचवीं कक्षा का छात्र है। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात व्यक्ति ने उसका हाथ पकड़ लिया। आरव के अनुसार, इसके बाद वह बेहोश हो गया। फिर उसे कुछ भी याद नहीं रहा। रात्रि करीब 10 बजे जब उसे होश आया तो उसने खुद को किसी सुनसान और अंधेरे स्थान पर पाया।
कुछ दूरी पर दो-तीन लोग आपस में बातचीत कर रहे थे। डरा-सहमा आरव कुछ देर तक स्थिति को समझने की कोशिश करता रहा। फिर उसे भी स्वयं का अपहरण होने का अहसास हो गया। उसने हिम्मत दिखाई और अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला।
वाहन से लिफ्ट मांग पहुंचा घर
बदहवास हालत में भागते-भागते छात्र बकसीडीपा पहुंच गया। उसे यह भी पता नहीं था कि वह किस इलाके में है। घर लौटने के लिए उसने रास्ते में कई गाड़ियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। इसी बीच रात करीब साढ़े ग्यारह बजे घाघरा निवासी विवेक जायसवाल कार से वहां से गुजर रहे थे।
आरव ने उनसे मदद के लिए हाथ दिया। विवेक ने बच्चे को पहचान लिया और तुरंत गाड़ी रोक दी। कार में बैठते ही आरव उनसे लिपटकर रो पड़ा। पूरी घटना बताई। विवेक जायसवाल ने देर रात आरव को सकुशल उसके घर पहुंचाया।
इधर, शाम से ही बच्चे के घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित थे और अपने स्तर से लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने घाघरा थाना में लिखित सूचना दी। आरव के सुरक्षित घर लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। वहीं पुलिस भी बच्चे के सकुशल मिलने के बाद राहत महसूस कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।

