Home » Ranchi Jagannath Rath Yatra : जगन्नाथ रथ यात्रा 2026 की तैयारियां तेज, उपायुक्त और एसएसपी ने किया पूरे मार्ग का निरीक्षण

Ranchi Jagannath Rath Yatra : जगन्नाथ रथ यात्रा 2026 की तैयारियां तेज, उपायुक्त और एसएसपी ने किया पूरे मार्ग का निरीक्षण

सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन के सख्त निर्देश, पूरे मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा

by Mujtaba Haider Rizvi
ranchi jagannath rath yatra
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi : ऐतिहासिक जगन्नाथ रथ यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से पूरे रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके बाद नीलाद्री प्रशासनिक भवन में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रथ यात्रा मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध कब्जों को तत्काल हटाने की कार्रवाई शुरू करने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा दल को पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है।

बिजली विभाग को निर्देश दिया गया कि कहीं भी खुले बिजली के तार न रहें। पूरे मार्ग की विद्युत व्यवस्था की जांच कर बैकअप की भी पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। वहीं नगर निगम को नियमित साफ-सफाई, बायो टॉयलेट और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी की जाएगी। इसके अलावा अग्निशमन विभाग की गाड़ियां हर समय रेडी-टू-मूव स्थिति में तैनात रहेंगी।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में खोया-पाया केंद्र स्थापित किया जाएगा। वहीं मीडिया कवरेज के लिए वॉच टावर भी बनाया जाएगा। जगन्नाथपुर मेला समिति को आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट बनाने तथा सभी वालंटियरों को पहचान पत्र जारी कर उनका प्रशिक्षण कराने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जगन्नाथपुर रथ यात्रा रांची की सांस्कृतिक धरोहर है और प्रशासन का प्रयास है कि इस वर्ष की यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार बने। वहीं एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ रथ यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

Related Articles

Leave a Comment