
रांची : राज्यपाल ने डूरंड कप क्वार्टर फाइनल मुकाबला देखा, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साहरांची। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार रविवार को रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित 135वें इंडियनऑयल डूरंड कप के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में शामिल हुए। उन्होंने एससी दिल्ली और एफसी रेंगदाई के बीच खेले गए मुकाबले को देखा तथा दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।
राज्यपाल ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले डूरंड कप जैसे प्रतिष्ठित खेल आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित करने के साथ-साथ उभरती प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। राज्यपाल ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।


