रांची : झारखंड के गुमला जिले के बसिया प्रखंड के फरसामा गांव के रहने वाले राहुल सोरेंग का चयन हरियाणा राज्य की अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है। यह राहुल और झारखंडवासियों के लिए गर्व और खुशी का क्षण है। इस सफलता की जानकारी भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान वीरेंद्र सहवाग ने अपने ट्विटर हैंडल के जरिए दी, जिससे यह खबर और भी चर्चित हो गई।
पुलवामा के शहीद विजय सोरेंग के पुत्र हैं राहुल
राहुल सोरेंग पुलवामा हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवान विजय सोरेंग के पुत्र हैं। वीरेंद्र सहवाग ने शहीदों के बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने का वादा किया था, और उन्होंने अपना वादा निभाया। वीरेंद्र सहवाग ने राहुल सोरेंग के लिए हरियाणा के झज्जर स्थित सहवाग इंटरनेशनल स्कूल में शिक्षा और क्रिकेट की ट्रेनिंग की व्यवस्था की, जिससे राहुल इस मुकाम तक पहुंचे।
वीरेंद्र सहवाग का मानवीय पहलू
जहां सरकारी वादे कभी पूरे नहीं हो पाते, वहीं वीरेंद्र सहवाग ने यह साबित कर दिया कि वह सिर्फ एक महान क्रिकेटर ही नहीं, बल्कि एक सच्चे इंसान भी हैं। सहवाग इंटरनेशनल स्कूल में न सिर्फ राहुल सोरेंग बल्कि अन्य शहीदों के बच्चों को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में भी निपुण बनाया जा रहा है, जिससे उनका भविष्य उज्जवल हो रहा है।

