GODDA: झारखंड के गोड्डा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें रांची के एक परिवार की स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा अमडीहा ओवरब्रिज पर हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी करीब 35 फीट दूर जाकर दूसरे डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई।
जानकारी के अनुसार परिवार रांची से गुवाहाटी जा रहा था। हादसे में सारा तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी रूपा चौधरी और बेटी चेरी तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज गोड्डा सदर अस्पताल में चल रहा है। देव तिवारी और ब्यूटी सिंह को बेहतर इलाज के लिए देवघर एम्स रेफर किया गया है, जबकि सोनू सिंह को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। पथरगामा थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

