रांची: सिमडेगा जिले में महिला स्वयं सहायता समूहों और किसानों की मेहनत अब अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच गई है। बिरसा हरित ग्राम बागवानी योजना के तहत उत्पादित आम्रपाली आम की पहली व्यावसायिक निर्यात खेप यूनाइटेड किंगडम (लंदन) भेजी गई है।
मंगलवार को सिमडेगा की उपायुक्त कंचन सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात कर इस उपलब्धि की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जेएसएलपीएस के सहयोग से महिला जागृति एवं बेउरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी की अगुवाई में आम्रपाली आम की पहली व्यावसायिक खेप लंदन भेजी गई है, जो किसानों और महिला-नेतृत्व वाले एफपीओ को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुलाकात के दौरान महिला समूह की प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को सिमडेगा के आम्रपाली आम भी भेंट किए। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जिला प्रशासन, महिला स्वयं सहायता समूहों और किसानों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य दिलाना, महिलाओं को नई पहचान देना और कृषि निर्यात को नई गति प्रदान करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस पहल से राज्य के अन्य जिलों के किसान और महिला समूह भी अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बनाने के लिए प्रेरित होंगे।

