Home » Chaibasa News : सोनुवा के संत जेवियर्स स्कूल में धूमधाम से मनाया गया संत इग्नासियस लोयला दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा

Chaibasa News : सोनुवा के संत जेवियर्स स्कूल में धूमधाम से मनाया गया संत इग्नासियस लोयला दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा

प्राचार्य फादर अमृत कुजूर ने सभी अतिथियों का किया स्वागत। संत इग्नासियस लोयला के जीवन, उनके विचारों और शिक्षा-सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के बारे में बताया।

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा स्थित संत जेवियर्स स्कूल में गुरुवार को संत इग्नासियस लोयला दिवस के उपलक्ष्य में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। स्कूल परिसर पहुंचने पर विद्यालय प्रबंधन और छात्र-छात्राओं ने विधायक का पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत विधायक जगत माझी द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई।

छात्रों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल

इसके बाद बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। स्वागत गीत, सामूहिक नृत्य, देशभक्ति गीत, आदिवासी लोकनृत्य और अन्य रंगारंग कार्यक्रमों से पूरा माहौल जीवंत हो उठा। विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और प्रस्तुति की सभी अतिथियों ने जमकर सराहना की।

शिक्षा ही समाज की नींव: विधायक

सभा को संबोधित करते हुए विधायक जगत माझी ने कहा कि शिक्षा ही वह सबसे बड़ा जरिया है जो व्यक्ति, समाज और देश के भविष्य को मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही आने वाले भारत का निर्माण करेंगे। इसलिए हर छात्र-छात्रा को ईमानदारी, मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करनी चाहिए। विधायक ने कहा कि सिर्फ परीक्षा में अच्छे नंबर लाना ही शिक्षा का मकसद नहीं है। असली शिक्षा वह है जो हमें अच्छा इंसान बनाए, समाज के प्रति कर्तव्य निभाना सिखाए और अच्छे संस्कार दे। स्कूलों में मिलने वाली शिक्षा बच्चों का व्यक्तित्व गढ़ती है और उन्हें जीवन की हर चुनौती से लड़ने के लिए तैयार करती है।

अभिभावकों से भी की अपील

विधायक माझी ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें। बच्चों को अच्छी शिक्षा और सकारात्मक माहौल देना परिवार की सबसे अहम जिम्मेदारी है।

संत इग्नासियस के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा : प्राचार्य

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य फादर अमृत कुजूर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और संत इग्नासियस लोयला के जीवन, उनके विचारों और शिक्षा-सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों को संत इग्नासियस से ज्ञान, अनुशासन और सेवा भाव की प्रेरणा लेनी चाहिए। मौके पर विद्यालय सचिव फादर वाल्टर कोनगाड़ी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

Read Also Chaibasa News : चाईबासा में बाइक ने खड़े ट्रक में मारी टक्कर, युवक की इलाज के दौरान मौत

Related Articles

Leave a Comment