
रांची : झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी क्षेत्र में बुधवार को देर रात रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया, जिससे स्थानीय दुकानदारों में गुरुवार को आक्रोश का आक्रोश का माहौल दिखा। गुरुवार की सुबह आक्रोशित दुकानदारों ने बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम के पास बांस-बल्ली लगाकर सड़क जाम कर दिया और नगर निगम के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान वहां आवागमन बाधित रहा। दुकानदार न्याय की मांग कर रहे थे। दुकानदारों का कहना है कि कार्रवाई से पहले उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई थी। इससे पहले बुधवार रात करीब 11 बजे नगर निगम की टीम ने मोरहाबादी क्षेत्र में स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम और आर्मी ग्राउंड के आसपास की अस्थायी दुकानों और ठेलों को हटा दिया। इस कार्रवाई में आधा दर्जन से अधिक ठेलों को जब्त कर लिया गया और कई अस्थायी ढांचे तोड़ दिए गए। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई अचानक हुई, जिससे उनका काफी नुकसान हुआ। फल और सब्जियां खराब हो गईं और कई ठेले क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रशासन की गाड़ी पर हंगामा
प्रशासन की इस कार्रवाई के विरोध में महिलाओं सहित दर्जनों दुकानदार देर रात तक सड़कों पर डटे रहे। कई महिलाओं ने तो प्रशासन की गाड़ी पर चढ़कर भी विरोध जताया। बताया गया कि कुछ महिलाओं को हल्की चोटें भी आईं। वहीं दुकानदारों का कहना है कि यदि पहले सूचना दी जाती, तो वे खुद ही अपनी दुकानें हटा लेते। बिना पूर्व चेतावनी के रात में कार्रवाई करना अनुचित है। विरोध स्वरूप करीब 12:30 बजे सभी दुकानदार मोरहाबादी थाना भी पहुंचे और न्याय की मांग की।

