Jamshedpur : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित थीम पार्क गेट के पास मंगलवार रात करीब 8:30 बजे एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बिरसानगर संडे मार्केट निवासी 20 वर्षीय आदर्श सिंह पर दर्जनों युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आयान नामक युवक ने पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने आदर्श को फोन कर थीम पार्क बुलाया था। आदर्श अपने दो दोस्तों जोजो और युवराज के साथ स्कूटी से वहां पहुंचा। जैसे ही वह मौके पर उतरा, पहले से घात लगाए बैठे आयान, मारुफ और उनके साथियों ने उस पर चापड़, तलवार और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
हमलावरों ने पहले उसकी गर्दन पर चापड़ से वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद उसकी पीठ पर तलवार से कई वार किए गए। घटना के दौरान आसपास के क्वार्टर में रहने वाले लोग शोर सुनकर बाहर निकले और हमलावरों को पकड़ने के लिए दौड़े, लेकिन भीड़ जुटते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही टेल्को और गोविंदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आदर्श को पहले टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया। यहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। देर रात उसका ऑपरेशन किया गया और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण चार यूनिट खून चढ़ाया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मारुफ को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी आयान और अन्य की तलाश जारी है। मामले में आदर्श के दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है। देर रात तक प्राथमिकी दर्ज होने की सूचना नहीं मिली थी।
प्रेम प्रसंग बना हमले की वजह
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हमले के पीछे प्रेम प्रसंग की रंजिश सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि एक युवती का गोलमुरी निवासी आयान के साथ संबंध था, जिसकी जानकारी आदर्श ने युवती के पिता को दे दी थी। इसके बाद विवाद बढ़ गया और आदर्श को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। आशंका है कि इसी रंजिश में इस हमले की साजिश रची गई। आदर्श ने हाल ही में प्राइवेट से इंटरमीडिएट की परीक्षा दी है। उसके पिता संजय सिंह एक निजी संस्थान में गार्ड हैं, जबकि मां टाटा मोटर्स स्कूल में पियून हैं। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है।

