Home » Ghatshila News : पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने किया दावा, कहा इस बार पश्चिम बंगाल में बनेगी भाजपा की सरकार

Ghatshila News : पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने किया दावा, कहा इस बार पश्चिम बंगाल में बनेगी भाजपा की सरकार

Ghatshila News : राज्य की जनता ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार के 15 वर्षों के शासन से आजिज आ चुकी है।

by Rajesh Choubey
Arjun Munda Ghatshila Statement BJP Government West Bengal
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ghatshila : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने रविवार शाम घाटशिला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए दावा किया कि पश्चिम बंगाल में इस बार भाजपा की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें झाड़ग्राम, बांकुड़ा समेत कई विधानसभा क्षेत्रों में जनता का रुझान साफ तौर पर बदलाव के पक्ष में दिखा है। राज्य की जनता ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी सरकार के 15 वर्षों के शासन से आजिज आ चुकी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने जनता को सिर्फ ठगने और लूटने का काम किया है और अब सरकार पूरी तरह से जनता का भरोसा खो चुकी है। इस बार जनता बिना भय के वोट करेगी। अर्जुन मुंडा ने कहा कि विकास के मामले में पश्चिम बंगाल लगातार पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में करीब साढ़े चार लाख पद खाली हैं, लेकिन सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है।

बंगाली कर्मचारियों को हर महीने हो रहा नुकसान

आज भी बंगाल में कर्मचारियों के लिए पांचवां वेतनमान लागू है, जबकि देश के अधिकांश राज्यों में सातवां वेतनमान लागू हो चुका है। इस कारण कर्मचारियों को हर महीने 15 से 20 हजार रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिससे उनके कार्यों पर भी असर पड़ रहा है। पूर्व सीएम ने आश्वासन दिया कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो साढ़े चार लाख रिक्त पदों को भरा जाएगा और बड़े पैमाने पर युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। साथ ही कर्मचारियों के लिए सातवां वेतन आयोग लागू कर वेतन में बढ़ोतरी भी की जाएगी।

मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम नया नहीं

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कोई नई प्रक्रिया नहीं है। यह पहले भी होता रहा है, लेकिन इस बार इसे व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठ को भी गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि स्थानीय लोगों को सतर्क और जागरूक रहने की आवश्यकता है। कहा कि बाहर से आकर कोई हमारे हिस्से पर कब्जा करे, इसे रोकना जरूरी है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री ने झारखंड में अवैध खनन के मुद्दे पर भी सवाल खड़े करते हुए राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा। कहा कि स्वर्णरेखा कि क्या स्थिति हो गई है, यह किसी से छीपा नहीं है। इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश साव, पूर्व जिला उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, घाटशिला मंडल अध्यक्ष विजय पांडेय, जयंत घोष, सत्यनारायण पुष्टि, अप्पू मंडल आदि उपस्थित थे।

Read Also: Ghatshila News: देवी देवताओं को खुश करने के लिए भक्तों ने अपने शरीर पर बरसाए कोड़े

Related Articles

Leave a Comment