RANCHI: झारखंड में उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में विधानसभा के मुख्य सचेतक सह हटिया विधायक नवीन जयसवाल तथा प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल ने मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल उठाए।
नवीन जयसवाल ने कहा कि 12 अप्रैल को हुई उत्पाद सिपाही परीक्षा में पेपर लीक की घटना पहली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों में राज्य में आयोजित अधिकांश परीक्षाएं विवादों में रही हैं और युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से तत्काल सीबीआई जांच की अनुशंसा करने की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार के मन में कोई छल-कपट नहीं है तो निष्पक्ष जांच से सच्चाई सामने आ जाएगी।
उन्होंने तमाड़ में परीक्षा से एक दिन पहले 179 अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी और कथित अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना अतुल वत्स की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए। भाजपा ने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन के बयानों में विरोधाभास है तथा मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल ने कहा कि केवल उत्पाद सिपाही परीक्षा ही नहीं, बल्कि पिछले तीन वर्षों में हुई सभी विवादित परीक्षाओं, चाहे वे जेपीएससी की हों या जेएसएससी की उनकी सीबीआई जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य राज्यों में ब्लैकलिस्टेड एजेंसियों को झारखंड में परीक्षा कराने का जिम्मा दिया गया और सरकार ने उनके लिए रेड कारपेट बिछाया।

