Jamshedpur : झारखण्ड विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के महामंत्री विश्वंभर यादव ने मंगलवार को जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कुलपति से शिष्टाचार भेंट की और विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त कर्मियों को देय मासिक पेंशन के अनियमित एवं विलंबित भुगतान के संबंध में ज्ञापन सौंप। इस मुद्दे पर उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों को पेंशन सही समय पर मिलनी चाहिए।।
महासंघ की ओर से अपने पत्र में उन्होंने कुलपति को पदभार ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए आशा व्यक्त की है कि उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय कर्मचारियों के हितों की रक्षा करते हुए नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
महासंघ ने अपने प्रतिनिधित्व में उल्लेख किया है कि सेवानिवृत्त स्थायी कर्मियों की पेंशन, जो उनका वैध मासिक अधिकार है, का नियमित एवं समयबद्ध भुगतान नहीं किया जा रहा है। जबकि पेंशन को कार्यरत कर्मचारियों के वेतन की भाँति प्रत्येक माह समय पर निर्गत किया जाना अपेक्षित है।
महामंत्री विश्वंभर यादव ने कहा कि पेंशन भुगतान में हो रही देरी एवं अनियमितता के कारण सेवानिवृत्त कर्मियों को गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि पेंशन ही उनके जीवन-निर्वाह का मुख्य आधार है। महासंघ ने कुलपति महोदया से इस विषय में शीघ्र हस्तक्षेप करते हुए सभी संबंधित सेवानिवृत्त कर्मियों की मासिक पेंशन का नियमित एवं समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने एजेंसी के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों के जुलाई से अक्टूबर, 2025 (लगभग चार माह) तक के लंबित वेतन भुगतान का मुद्दा भी उठाया तथा उनके बकाया पारिश्रमिक के शीघ्र भुगतान की आवश्यकता पर बल दिया।

