
Jamshedpur : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित स्ट्रेट माइल रोड पर कब्रिस्तान के सामने कंपनी क्वार्टर (एल 4/98) में रविवार को गैस सिलेंडर लीकेज के कारण अचानक आग लग गई। घटना उस समय हुई जब घर के किचन में खाना बनाने की तैयारी चल रही थी। देखते ही देखते आग ने रसोईघर को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया और धीरे-धीरे घर के अन्य हिस्सों में भी फैल गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद टाटा स्टील की दमकल और झारखंड फायर ब्रिगेड की एक-एक गाड़ी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
घरवालों के मुताबिक इस आगजनी में फर्नीचर, कपड़े, घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर पूरी तरह राख हो गईं। अनुमान है कि इस घटना में करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर से लीकेज को आग लगने का मुख्य कारण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि दमकल टीम समय पर पहुंच गई, जिससे आग को फैलने से रोका जा सका और आसपास के क्वार्टर सुरक्षित बच गए।

