
जमशेदपुर : इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) द्वारा घोषित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CA) फाइनल परीक्षा मई 2026 के परिणामों में जमशेदपुर के होनहारों ने अपनी सफलता का परचम लहराया है। इस वर्ष शहर के 10 से अधिक छात्रों ने इस प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षा को पास कर गौरवान्वित किया है। इनमें सबसे शानदार सफलता जमशेदपुर की बेटी कली अग्रवाल को मिली है, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, अटूट लगन और समर्पण के बल पर अखिल भारतीय स्तर पर 19वीं रैंक (AIR 19) हासिल कर पूरे शहर का नाम रोशन किया है।
इस ऐतिहासिक सफलता पर सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल (CIRC) की जमशेदपुर कमेटी ने सभी सफल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों के प्रति अपार हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी है। CICASA अध्यक्ष CA मुकुंद केडिया, वरिष्ठ सदस्य CA योगेश शर्मा और शाखा CA अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने संयुक्त रूप से सभी नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कमेटी के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कली अग्रवाल और अन्य सभी सफल विद्यार्थियों के इस असाधारण प्रयास की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल एवं समृद्ध व्यावसायिक भविष्य की कामना की है।
राष्ट्रीय उत्तीर्णता प्रतिशत – CA फाइनल मई 2026
• ग्रुप I: 12%
• ग्रुप II: 20.49%
• दोनों ग्रुप: 14.07%
जमशेदपुर की शानदार उपलब्धि पर विद्यार्थियों को दी गयी बधाई
चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CA) फाइनल परीक्षा में शहर के होनहारों की ऐतिहासिक सफलता पर ‘सिकासा’ (CICASA) कमेटी जमशेदपुर ने सभी सफल अभ्यर्थियों और उनके मार्गदर्शकों के दृढ़ संकल्प को सलाम किया है। समिति ने उन सभी माता-पिता, शिक्षकों और कोचिंग संस्थानों के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया है, जिन्होंने इन भावी वित्तीय विशेषज्ञों को तराशने और सफलता के शिखर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
CICASA कमेटी ने एक बार फिर जमशेदपुर के सभी 10 नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल व्यावसायिक भविष्य की कामना की है। इस अवसर पर आईसीएआई सीआईआरसी (ICAI CIRC) जमशेदपुर समिति ने संकल्प दोहराया कि वह स्थानीय छात्र समुदाय को लगातार मार्गदर्शन प्रदान करने और उन्हें व्यावसायिक उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करने के लिए सदैव तत्पर रहेगी।

