
रांची: राजधानी रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम के पास शनिवार देर रात हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हुआ जो रविवार सुबह तक चला। पत्नी को नौकरी न मिलने से परेशान एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। यह मोबाइल टावर उसी जगह पर है जहां जेपीएससी परीक्षा में हुई कथित धांधली को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। घटना रात के करीब एक बजे की है। युवक को टावर पर देख मौके पर मौजूद छात्रों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
टावर पर चढ़े युवक का नाम हीरालाल है। वह लातेहार जिला के बालूमाथ का रहने वाला है। हीरालाल ने बताया कि उसकी पत्नी को नौकरी नहीं मिल पा रही है, जिससे वह काफी समय से मानसिक तनाव में था। इसी हताशा और गुस्से में आकर उसने यह कदम उठाया ताकि सरकार तक अपनी आवाज पहुंचा सके।
पुलिस और प्रशासन के फूले हाथ-पांव
घटना की खबर मिलते ही कोतवाली थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना देर किए इलाके को घेरा और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुट गई। पुलिस अफसर और स्थानीय लोग लगातार लाउडस्पीकर पर बातचीत के जरिए युवक को समझाते रहे। लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं था। देर रात तक समझाने का दौर चलता रहा। इस दौरान अनहोनी को ले प्रशासन के हाथ पांव फूले रहे। रात के अंधेरे में कोई अनहोनी न हो जाए, इसके लिए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया था।
सुबह 5 बजे खत्म हुआ ड्रामा
घंटों कड़ी मशक्कत और लगातार बातचीत के बाद सुबह 5 बजे युवक आखिरकार टावर से सुरक्षित नीचे उतरा। इसके बाद ही पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब राज्य में जेपीएससी धांधली की निष्पक्ष जांच को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन चरम पर है। इस पूरे घटनाक्रम ने धरनास्थल पर कुछ देर के लिए तनाव और बढ़ा दिया था।

