
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में झारखंड-ओडिशा सीमा पर स्थित जामशोला पुलिया से रविवार सुबह एक युवक ने सुवर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी। युवक की पहचान रासबिहारी बेहरा (30) के रूप में हुई है। घटना के बाद से पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम नदी में उसकी तलाश कर रही है।
गौरतलब है कि रासबिहारी बाइक से जामशोला पहुंचा था। उसने अपनी बाइक नदी किनारे खड़ी की और पुलिया की ओर चला गया। कुछ देर बाद वह पुलिया की दीवार पर चढ़ा और अचानक सुवर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
युवक की पहचान उसकी बाइक के नंबर ओडी 11 एएम 1169 के आधार पर हुई। सूचना मिलते ही बहरागोड़ा पुलिस के अलावा झारपोखरिया और पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। ओडिशा अग्निशमन विभाग की रेस्क्यू टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर नदी में तलाश अभियान शुरू किया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद रासबिहारी के परिजन भी जामशोला पहुंचे। परिजनों ने बताया कि वह शनिवार सुबह बाइक लेकर घर से निकला था। पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक रूप से परेशान और चिंतित दिखाई दे रहा था। हालांकि, उसकी परेशानी की वजह परिवार के लोगों को भी पता नहीं थी। रासबिहारी की अभी शादी नहीं हुई थी।
सुवर्णरेखा नदी में तेज बहाव होने के कारण बचाव दल को युवक की तलाश में काफी परेशानी हो रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

